थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रन्धा सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ किया भगवान का पूजन
नगर सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी

पाली, हरदोई ( अंकित बाजपेयी/ अंकुश गुप्ता )। पाली नगर सहित ग्रामीण अंचलों में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जगह-जगह धार्मिक आयोजन हुए। वहीं मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। इसके अलावा सनातन धर्मी लोगों के घरों में भी श्री कृष्ण प्रकटोत्सव मनाया गया। कान्हा के जन्मोत्सव के दौरान साधक द्वारा उपवास भी रखा गया।

भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर हर कोई कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आ रहा था। पाली थाने पर कृष्ण जन्मोत्सव एक खास अंदाज में मनाया गया। थाना परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रंग बिरंगी झालरों से थाना दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आ रहा था। थाना परिसर में स्थित मंदिर को भव्य रूप प्रदान किया गया था। रंग बिरंगे गुब्बारे थाना परिसर में की गई सजावट में चार चांद लगा रहे थे।


 जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान थाने पर संकीर्तन का भी आयोजन किया गया। पाली थाना अध्यक्ष रंधा सिंह ने एसआई देवेंद्र सिंह ,बृजेश कुमार एवं अवधेश कुमार के अलावा कांस्टेबल नरेंद्र कुमार के साथ भगवान श्री कृष्ण का पूजन किया।


थाने पर जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया था। जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के तमाम संभ्रांत लोगों ने शरीक होकर प्रसाद ग्रहण किया। कांस्टेबल शादाब अली के कुशल प्रबंधन में जन्मोत्सव कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो गया।


 वही नगर के पंतवारी मंदिर पर भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। यहां मंदिर को इलेक्ट्रिक झालरों की मदद से भव्य तरीके से सजाया गया था। कान्हा की झांकी यहां आकर्षण का केंद्र रही। नगर के अन्य मंदिरों पर भी भगवान कृष्ण का प्राकट्योत्सव मनाया गया। इसके अलावा नगर के मोहल्ला काजीसराय में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम की धूम रही। यहां यह बताना लाजमी है की देश में आजादी के बाद पहली बार यहां इस तरीके का जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। जिसमें हजारों लोगों ने शरीक होकर कान्हा की स्तुति की। यहां भी भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित कई झांकियां प्रदर्शित की गई थी। सभासद अजीत गुप्ता की अगुवाई में हुए इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुई। बताते चलें कि नगर सहित ग्रामीण अंचलों में रविवार को भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई थी। पाली के बाजार स्थित बाबा तुरंत नाथ मंदिर पर भी रविवार को जन्मोत्सव पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर सोमवार को जैसे ही घड़ी में 12 बजे। वैसे ही नगर का बड़ा इलाका आतिशबाजी और पटाखों से गूंज उठा। घंटे घड़ियाल का शोर भी गूंजने लगा था, और इसी के साथ हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के स्वर की भी गूंज आकाश मंडल में गूंजने लगी थी। 
Share To:

Post A Comment: