महाशिवरात्रि के अवसर पर निकला शिवजी का बारात


26 फरवरी 2025

राजन मिश्रा हिमांशु शुक्ला 

बक्सर - महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बुधवार को बक्सर में  शिव बारात निकाली गई। कोइरपुरवा और खलासी मोहल्ला स्थित श्री रामेश्वरम मंदिर से शुरू हुई इस बारात में भगवान शिव दूल्हे के रूप में विराजमान थे। श्रद्धालु इस भव्य आयोजन में उत्साह से शामिल हुए।

बारात की शोभा बढ़ाते के लिए 50 ऊंट, हाथी और 12 डीजे शामिल किए गए। स्थानीय युवाओं और बच्चों ने देव-दानव, भूत-प्रेत और चुड़ैल का वेश धारण किया, जिससे बारात की झांकी और आकर्षक बन गई। बनारस से आए कलाकारों ने शिव तांडव और भभूत डांस प्रस्तुत किया, वहीं राधाकृष्ण की झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।



मूर्तिकारों द्वारा बनाई गई भगवान शिव की भव्य प्रतिमा को रथनुमा ट्रैक्टर पर सजाया गया। बारात में सबसे आगे ऊंट, हाथी और घोड़े चल रहे थे, उनके पीछे डीजे की धुन पर नगरवासी नृत्य कर रहे थे। आयोजन समिति के सदस्यों ने देव-दानव, भूत-प्रेत और अन्य पौराणिक पात्रों के वेश में बारात की शोभा बढ़ाई। अलग-अलग रथों पर देवी-देवता और राक्षसों की झांकियां भी सजाई गईं।

बारात जैसे-जैसे नगर भ्रमण करती गई, चौक-चौराहों पर भक्तों ने भव्य स्वागत किया। जगह-जगह शरबत और नाश्ते की व्यवस्था की गई। लोग मोबाइल में इस अनूठी शिव बारात के दृश्य कैद करते नजर आए।

रात को सुधार समिति, कोइरपुरवा की ओर से सभी बारातियों को पकवान परोसे गए। बारात सोहनी पट्टी स्थित गौरीशंकर मंदिर पहुंची, जहां भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया गया। वहीं, खलासी मोहल्ला की बारात चरित्रवन स्थित पंचमुखी शिव मंदिर पहुंची और वहां भी शिव-गौरी विवाह हुआ।

शहर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए। झांकियों के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा। बारात को देखते हुए वाहनों के रूट डायवर्ट किए गए, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।

हर साल निकलने वाली इस अनोखी शिव बारात को देखने के लिए शहरवासियों में खास उत्साह रहता है। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने पूरे शहर को शिवमय बना दिया और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक 

गणेश पांडे / दीपक चौबे 

बक्सर -  बक्सर में महाशिवरात्रि का पर्व भव्य रूप से मनाया जा रहा है। बाबा बरमेश्वर नाथ और रामेश्वर नाथ मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुबह से ही जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में भारी भीड़ जुटी रही।

श्रद्धालु रामरेखा घाट से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर रहे हैं। ब्रह्मेश्वर नाथ, रामेश्वरनाथ महादेव, पंचमुखी महादेव, सिद्धनाथ महादेव और नाथ बाबा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी।

प्रशासन ने सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम

प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख मंदिरों के मार्गों को 'नो व्हीकल जोन' घोषित किया गया है। भारी वाहनों की शहर में एंट्री बंद है। चार पहिया वाहनों को केवल बाईपास से आने-जाने की अनुमति है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, फाल्गुन माह की चतुर्दशी को भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस अवसर पर शहर में शिव बारात निकाली गई। बारात में देवी-देवताओं की झांकी और भूत-प्रेतों की टोली आकर्षण का केंद्र रही।श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि पर उपवास और विधिपूर्वक पूजा करने से शिव-पार्वती की कृपा मिलती है। इससे जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। पूरे शहर में 'हर हर महादेव' के जयकारे गूंज रहे हैं और माहौल भक्तिमय हो गया है।

सोमेश्वर स्थान घाट पर डूबने से दो किशोरो की मौत

संजय पाठक/ हिमांशु शुक्ला

बक्सर - बुधवार की संध्या लगभग पांच बजे सुमेश्वर स्थान गंगा नदी में तीन युवक स्नान कर रहे थे। जिसमे दो डूबने लगे तभी तीसरा युवक वहां से भाग निकला।  सुमेश्वर स्थान पर गंगा नदी किनारे से किसी ने पुलिस को सूचना दी।  तभी नगर थानाध्यक्ष ने महाजाल व गोताखोर के साथ भेजा गया। तत्काल युवको को गंगा नदी से निकाल सदर अस्पताल ले जाया गया।  जहां डॉक्टरो ने मृत घोषित कर दिया।  नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया की शव बरामद कर सदर अस्पताल में रखा गया है और पहचान की कोशिश की जा रही है।

Share To:

Post A Comment: