बक्सर के राजपुर प्रखंड के सिकठी पैक्स समिति के चुनाव में  पुना  सिंह जीते

26 फरवरी 2025

राजन मिश्रा / दीपक चौबे 

बक्सर  - राजपुर प्रखंड के सिकठी पैक्स समिति के चुनाव में निशांत सिंह उर्फ पूना सिंह ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजीव रंजन सिंह को 397 मतों के अंतर से हराया। निशांत सिंह को 970 मत मिले, जबकि राजीव रंजन सिंह को 573 मत मिले।

मतदान मंगलवार को सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। कुल 2251 मतदाताओं में से 1619 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर 12:30 बजे तक 50% मतदान हुआ। शाम 4:30 बजे तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 71.92% हो गया।

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

मतदान के लिए एक सरकारी स्कूल में चार बूथ बनाए गए थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात थे। थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह और मजिस्ट्रेट सह बीपीआरओ ममता कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे दिन गश्त करती रही।

मतगणना शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक चली। चार टेबल पर मतगणना की गई। शुरुआत से ही निशांत सिंह बढ़त बनाए रहे। कुल 71 मत रद्द किए गए। राजपुर बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने निशांत सिंह को प्रमाण पत्र देकर चौथी बार पैक्स अध्यक्ष घोषित किया।

बता दें कि बक्सर के अन्य पैक्स का चुनाव हो रहा था, उसी समय सिकठी पैक्स के लिए नामांकन शुरू किया गया था। लेकिन बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने अचानक चुनाव पर रोक लगा दी थी। लंबे समय और कई संशोधनों के बाद अब यह चुनाव कराया जा रहा है।

प्राधिकार ने पुरानी मतदाता सूची को आधार बनाया है। इस पंचायत में पहले हुई व्यापक गड़बड़ी को खत्म कर नए तरीके से चुनाव आज संपन्न कराया गया। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Share To:

Post A Comment: