बक्सर की प्रमुख खबरें

 

 शुक्रवार, 7 मार्च 2025

ट्रक - ट्रेलर का टक्कर सहचालक गंभीर रूप से घायल 

संजय पाठक/संजय शुक्ला 

बक्सर - एनएच  922 बक्सर-पटना फोरलेन पर नया भोजपुर थाना क्षेत्र के  नावाडेरा स्थित भोजपुर ढाबा के पास शुक्रवार की तड़के 3 बजे एक हो लेन में चल रहे  ट्रेलर ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रेलर के सहचालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि ट्रक चालक मामूली रूप से घायल हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। जहा गम्भीर स्थिति में सहचालक को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।

सूत्रों की माने तो नासरीगंज से बालू लादकर एक टेलर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान भोजपुर ढाबा के पास ट्रेलर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और आगे खड़े बालू लदे ट्रक (संख्या यूपी 50 बीटी 8447) से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में  ट्रक चालक यूपी के आजमगढ़ निवासी रामउग्रह यादव को हल्की चोटें आईं थी जबकि, ट्रेलर के सहचालक रामकृष्ण यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने बताया कि इस घटना में टेलर सहचालक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सहचालक को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेजा, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें  रेफर कर दिया गया।

पुराना भोजपुर मे लाखों की चोरी 

हिमांशु शुक्ला / जयप्रकाश

बक्सर - पुराना भोजपुर में चोरों ने एक मकान से 15 लाख रुपए से अधिक के गहने चोरी कर लिए। घटना गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि की है। सूत्रों की माने तो मकान मालिक कमलेश पाठक अपने परिवार के साथ चाचा के नाती के जनेऊ कार्यक्रम में गए थे।

शुक्रवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। आलमारियों से टिका, नथीया, झुमका, अंगूठी, मंगलसूत्र, कमरपेटी, चांदी के बर्तन, सिक्के और पायजेब गायब थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। सीआई  और थानाध्यक्ष  ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

कमलेश पाठक ने बताया है कि वे 6 मार्च को बक्सर के चरित्रवन में जनेऊ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होंगे कार्यक्रम

आदित्य प्रकाश / दीपक चौबे 

बक्सर - अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बक्सर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का थीम "सभी महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अधिकार, समानता तथा सशक्तिकरण" रखा गया है, जिसके तहत महिलाओं को जागरूक और प्रेरित करने के लिए अनेक गतिविधियाँ  आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रमों की शुरुआत पूर्वाह्न 07:30 बजे 11 नंबर लख से महदह पुल तक मिनी महिला मैराथन से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाए एवं बालिकाए भाग लेंगी। इसके बाद 08:00 बजे से किला मैदान, बक्सर में कबड्डी, खो-खो एवं अन्य महिला खेल प्रतियोगिताए आयोजित की जाएंगी, जिसमें जिलेभर की प्रतिभागी अपनी खेल-कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

मुख्य कार्यक्रम नगर भवन, बक्सर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से होगा, जिसमें एक सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया है, जो अपने अनुभव साझा करेंगी। इसके साथ ही, मिनी महिला मैराथन एवं खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा और समाज में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया जाएगा, जहाँ महिलाओं के अधिकारों एवं समानता को बढ़ावा देने की शपथ ली जाएगी। बक्सर जिले में आयोजित ये कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं से इन आयोजनों में भाग लेने की अपील की है।

Share To:

Post A Comment: